‘सहयोग शिविर’ में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त ने अंचलाधिकारी के निलंबन की अनुशंसा करते हुए 15 दिनों के भीतर निष्पादन के दिए सख्त निर्देश
वैशाली जिले के गोरौल प्रखंड अंतर्गत कटरमाला पंचायत के सर्वोदय पुस्तकालय में लगे जन-सहयोग शिविर में तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरीवर दयाल सिंह और डीआईजी चंदन कुशवाहा ने सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें

ध्रुव कुमार सिंह, वैशाली, बिहार, १९ मई
वैशाली जिले के गोरौल प्रखंड के कटरमाला पंचायत में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं. शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल ने गोरौल अंचलाधिकारी (CO) के निलंबन की अनुशंसा की और 15 दिनों के भीतर लंबित कार्यों का निष्पादन करने के सख्त निर्देश दिए. अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, नल-जल योजना, और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी थीं. आयुक्त के साथ तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा ने भी शिविर का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. आम जनता की व्यापक समस्याओं को देखते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का समाधान होने तक संबंधित बीडीओ (BDO) और सीओ (CO) हर रविवार को भी शिविर लगाएंगे. आयुक्त एवं डीआईजी के निरिक्षण के दौरान तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त के सचिव संदीप शेखर प्रियदर्शी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन वैशाली तथा अनुमंडल पदाधिकारी महुआ मौजूद रहे।





