बिहारराज्यलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा के अवसर पर सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जारी किया सख्त निदेश; पंडालों का प्रवेश-निकास द्वार अवरुद्ध न रखने एवं विद्युत सुरक्षा जांच का दिया आदेश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १८ अक्टूबर

जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान आयोजन स्थलों, पंडालों, मेलों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा-व्यवस्था एवं सतर्कता बरतने हेतु व्यापक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विद्युत कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व की बैठक में अनुमंडलवार एवं अंचलवार वृहद समीक्षा की गई थी। इन बैठकों में भी आप सभी को इन निर्देशों से अवगत कराया गया था। आप सभी इसका अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न पूजा आयोजन समितियों को जन सुरक्षा के मापदंडों, सरकार के आदेशों, यातायात प्रबन्धन सहित सभी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई थी तथा अनुपालन करने का निर्देश दिया गया था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आयोजनों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनहित में नियमित तौर पर एडवाइजरी जारी की जा रही है। आम जनता से अपील है कि कृपया इसका अनुपालन करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि नवरात्र, दुर्गा पूजा, पूजा-पंडालों, मंदिरों, मेलों, जुलूसों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर विधि-व्यवस्था संधारण करना सुनिश्चित करेंगे। जिला जनसम्पर्क अधिकारी लोकेश कुमार झा ने बताया की जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा, दशहरा एवं रावण वध कार्यक्रम के अवसर पर जनहित में जारी एडवाइजरी में कहा गया है की मेले के लिए घर से निकलते समय अपने बच्चों के पॉकेट में नाम, पता और मोबाईल नम्बर लिखकर अवश्य रखें। मेले में बच्चों का हाथ कभी न छोड़ें। उन्हें इधर-उधर जाने न दें। महिलाओं, बच्चों और बुज़ुर्ग व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार का अफवाह न फैलाएँ और न ही उस पर ध्यान दें। शांति बनाए रखें। मेले में पटाखे एवं ज्वलनशील पदार्थ साथ न ले जाएँ। धूम्रपान व किसी भी नशे का सेवन न करें। मेले में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलाएँ। मेले में सड़क पर धीरे-धीरे जाएँ, कतारबद्ध होकर जाएँ, जल्दबाज़ी बिल्कुल न करें। इमरजेंसी मार्ग को कभी अवरुद्ध न करें। सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें, स्वयं भी सुरक्षित रहें तथा अन्य लोगों को भी सुरक्षित रखें। सुरक्षा जाँच आपके एवं आपके परिवार की सुरक्षा हेतु आवश्यक है। अतः सुरक्षा जाँच में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की लावारिस वस्तु या संदिग्ध वस्तु अगर आपको दिखाई पड़े, तो इसकी सूचना तुरंत वहाँ पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, नियंत्रण कक्ष या डायल 112 को दें और उस संदिग्ध वस्तु को बिल्कुल ना छुएँ। आपकी सावधानी ही सबकी सुरक्षा है। आइए हम सब मिलकर त्योहार को आस्था, अनुशासन और सुरक्षा का पर्व बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button