बिहारराज्यलोकल न्यूज़

विभिन्न नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा 29 एवं 30 मई को

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २७ मई

मुजफ्फरपुर में नगर निकायों की सशक्त स्थायी समिति की रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों पर निर्वाचन 29 एवं 30 मई को कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारियों एवं प्रेक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। नगर निकायों के संबंधित प्रखंड सभागार में चुनाव संपन्न होंगे, जबकि नगर निगम मुजफ्फरपुर से संबंधित चुनाव जिला सभागार में आयोजित किया जाएगा। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग एवं सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा मार्गदर्शिका के अनुरूप संपन्न कराये जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को समय पर उपस्थित होकर निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ दायित्व के निर्वहन का निर्देश दिया है। 29 मई को नगर परिषद मोतीपुर, कांटी ,साहेबगंज, मुरौल, तुर्की में होंगे जबकि  नगर पंचायत सकरा माधोपुर सुस्ता बरूराज मीनापुर सरैया और नगर निगम मुजफ्फरपुर के लिए 30 मई को चुनाव होंगे। चुनाव को लेकर संबंधित निकायों में तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बाबत प्रशासनिक स्तर पर चुनाव कार्य संपन्न करने हेतु मतदान स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों की जांच तथा निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं प्रेक्षक निर्धारित समय से पूर्व मतदान स्थल पर पहुंचेंगे तथा पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह विधिसम्मत एवं पारदर्शी होनी चाहिए ताकि निर्वाचित प्रतिनिधियों और आम जनता का विश्वास बना रहे। निर्वाचन की कार्यवाही नगर पालिका अधिनियम एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी। निर्वाचन के दौरान मतदान, मतगणना एवं परिणाम घोषणा की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान आदर्श आचरण एवं शुचिता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं। निर्वाची पदाधिकारी चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया का संचालन करेंगे, जबकि प्रेक्षक चुनाव की निष्पक्षता पर निगरानी रखेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल जिला निर्वाचन पदाधिकारी को देंगे। नगर निकायों की सशक्त स्थायी समिति स्थानीय निकाय प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई मानी जाती है। समिति वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय लेती है। ऐसे में रिक्त पदों पर निर्वाचन को काफी अहम माना जा रहा है। इन पदों के भरने से नगर निकायों के विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों में गति आयेगी। चुनाव के दौरान मतदाताओं एवं प्रत्याशियों के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये है। निर्वाचन स्थल पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जिलाधिकारी श्री सेन ने कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button