मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक लंगट सिंह महाविद्यालय के संस्थापक बाबू लंगट सिंह के प्रपौत्र अलख कुमार सिंह के निधन पर कॉलेज परिसर में शोक सभा आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार
मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक लंगट सिंह महाविद्यालय के संस्थापक बाबू लंगट सिंह के प्रपौत्र अलख कुमार सिंह के निधन पर कॉलेज परिसर में एक शोक सभा आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो.कनुप्रिया ने सभा की अध्यक्षता की और स्व.अलख कुमार सिंह के साथ अपनी पिछली मुलाकातों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्राचार्या नें कहा की अलख कुमार सिंह वैशाली जिले के धरहरा स्टेट के प्रतिष्ठित परिवार से संबंधित थे और पूर्व सांसद स्व.दिग्विजय नारायण सिंह के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार ने मुजफ्फरपुर में शिक्षा के प्रसार के लिए लंगट सिंह कॉलेज और बिहार विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं की स्थापना हेतु सैकड़ों एकड़ भूमि दान दी थी। स्व. सिंह का निधन 6 अप्रैल 2026 की शाम को उनके निजी आवास पर हृदय गति रुकने के कारण हुआ। वे 87 वर्ष के थे। उन्होंने कहा कि महज कुछ महीने पहले जब वे उनसे मिली थीं, तब वे पूरी तरह सेहतमंद थे। प्राचार्या ने कहा कि आज पूरा महाविद्यालय परिवार स्व.सिंह के परिवार के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता है, जिन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव का इतना बड़ा कार्य किया है। उनके पूर्वजों के त्याग और दूरदर्शिता के कारण ही यह संस्थान आज उच्च शिक्षा का अग्रणी केंद्र बना हुआ है। इस अवसर पर प्रो.विजय कुमार, प्रो.जयकांत सिंह ‘जय’, प्रो. पंकज कुमार, प्रो.एसआर चतुर्वेदी, प्रो.शैलेंद्र सिन्हा, प्रो.राजीव झा, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ.अर्धेंदु, डॉ.राजीव कुमार, डॉ.शशिकांत पाण्डेय, डॉ.नवीन कुमार, डॉ.प्रदीप कुमार, डॉ.दीपक कुमार सहित उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





