विश्व के प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सद्भाव, करुणा व प्रेम संदेश देने वाली ज्ञान एवं संघर्ष की भूमि बिहार के 114वें स्थापना दिवस का धूमधाम से किया गया आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २२ मार्च
विश्व के प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सद्भाव, करुणा व प्रेम संदेश देने वाली ज्ञान एवं संघर्ष की भूमि बिहार के 114वें स्थापना दिवस का आयोजन सीतामढ़ी में पुरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आगाज सुबह प्रभात फेरी के साथ किया गया। कमला बालिका उच्च विद्यालय से निकाली गई प्रभात फेरी को जिलाधिकारी रिची पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवानगी की। उक्त प्रभात फेरी मर्यादा पथ, डुमरा मेन रोड होते हुए पुनः डीएम आवास तक निकाली गई। प्रभात फेरी में डीएम श्री पांडेय सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, छात्र–छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर डीएम श्री पाण्डेय ने सबको संबोधित करते हुए सभी को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। बिहार दिवस 2026 के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन डुमरा हवाई अड्डा मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुनील कुमार पिंटू, विधायक रीगा वैद्यनाथ प्रसाद, जिलाधिकारी रिची पांडेय, अध्यक्ष जिला परिषद, डीडीसी संदीप कुमार, एडीएम संजीव कुमार एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन भाषण में जिलाधिकारी ने बिहार के साथ सीतामढ़ी जिले के प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि बिहार में अतीत की धरोहर के साथ वर्तमान का पथ प्रदर्शन भी है। हमारा राज्य बिहार और आगे बढ़े। हमारा राज्य विकसित हो। इसी मकसद से बिहार दिवस का आयोजन किया जाता है। वहीं सदर विधायक ने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान एवं मोक्ष की धरती है। यहां से ज्ञान का प्रकाश दुनिया भर में फैला। हमें बिहार को उसी गौरवशाली ऊंचाई तक पहुंचना है। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश की गौरवशाली विरासत और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में हो रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।अपने संबोधन में रीगा विधायक ने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और इसके विकास में जनभागीदारी अहम भूमिका निभाती है। हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नवाचार के क्षेत्र में मिलकर कार्य करना होगा ताकि बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके। मुख्य समारोह का आरंभ स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ किया गया वहीं जिले के कलाकारों द्वारा बिहार गीत की बेहतरीन प्रस्तुति की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं शिक्षा विभाग के संगीत शिक्षक/शिक्षिकाओं के द्वारा गीत/नृत्य की आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति की गई। कलाकारों द्वारा बिहार की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित लोक गीत एवं संगीत की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडे एवं गणमान्य अतिथियों के द्वारा बिहार के नक्शे पर दीप प्रज्वलित कर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक स्टॉल लगाए गए थे जिसका निरीक्षण जिलाधिकारी एवं सभी अतिथियों के द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) बृज किशोर पांडे ने किया।






