बिहारराज्यलोकल न्यूज़

आचार्य जे.बी. कृपलानी भारत के एक महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रमुख राजनीतिज्ञ, गांधीवादी विचारक और शिक्षाविद थे-  प्रो.कनुप्रिया

लंगट सिंह महाविद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम की अमर विरासत के महान स्तंभ महान गांधीवादी, महाविद्यालय के पूर्व शिक्षक आचार्य जे.बी. कृपलानी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १९ मार्च

लंगट सिंह महाविद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम की अमर विरासत के महान स्तंभ महान गांधीवादी, महाविद्यालय के पूर्व शिक्षक आचार्य जे.बी. कृपलानी की पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या प्रो.कनुप्रिया ने की। उन्होंने सहयोगियों के साथ आचार्य कृपलानी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन तथा योगदान को  स्मरण किया। इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि लंगट सिंह महाविद्यालय आचार्य कृपलानी की कर्मभूमि रही है। उन्होंने 1912 से 1917 तक यहाँ शिक्षक के रूप में सेवा दी, जिससे इस महाविद्यालय को स्वतंत्रता संग्राम की सुनहरी विरासत का गौरवपूर्ण केंद्र बनने का अवसर मिला। आचार्य कृपलानी महात्मा गांधी के निकटतम सहयोगी थे और गांधीवादी सिद्धांतों, सत्य, अहिंसा, त्याग, स्वदेशी तथा राष्ट्रसेवा के प्रबल समर्थक एवं प्रचारक रहे। उनका जीवन एक अनुकरणीय आदर्श है, जो युवा पीढ़ी को सादगी, साहस और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय न केवल उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र है, अपितु स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान नेताओं की अमूल्य धरोहर को अपने में संजोए हुए है। आचार्य कृपलानी की पुण्यतिथि हमारे लिए उनके आदर्शों पर चलने, शिक्षा के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेने का अवसर है। गणित विभागाध्यक्ष प्रो.विजय कुमार ने कहा कि आचार्य  कृपलानी एक प्रखर विचारक और शिक्षाविद थे। कार्यक्रम में प्रो.एसआर चतुर्वेदी, डॉ.रीमा कुमारी, डॉ.वेदप्रकाश दुबे, डॉ.पंकज चौरसिया, डॉ.शिवेंद्र मौर्य, डॉ.नवीन कुमार, डॉ.आनंद कुमार सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button