बिहारराज्यलोकल न्यूज़

विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा प्रस्तावित राष्ट्र स्तरीय भारत बौद्धिक परीक्षा आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३१ जनवरी

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.दिनेश चंद्र राय के संरक्षण में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा प्रस्तावित राष्ट्र स्तरीय भारत बौद्धिक परीक्षा का आयोजन किया गया। विद्या भारती उत्तर बिहार के प्रांत संयोजक डॉ.रजनीश कुमार गुप्ता ने बताया कि राष्ट्र स्तरीय इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। विद्या भारती उच्च शिक्षा का मिशन है कि पूरे देश भर में ऐसा वातावरण तैयार हो,जहां भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, आधुनिक शिक्षा व विज्ञान का सार्थक और संतुलित समन्वय हो सके। इस परीक्षा में सभी वर्ग एवं धर्म के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो भारत के समावेशी चरित्र एवं सर्वधर्म समभाव को प्रतिबिंबित करता है। परीक्षा समन्वयक डॉ.अमर बहादुर शुक्ला ने बताया कि राष्ट्र स्तरीय भारत बौद्धिक परीक्षा में विभिन्न कॉलेजों के स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि इसके लिए चार केंद्र आरडीएस कॉलेज, भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, आभा टीचर्स ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट और शहीद प्रमोद बीएड कॉलेज बनाए गए। चारो केंद्र मिलाकर कुल 783 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चारों केंद्रों पर परीक्षा का सघन निरीक्षण किया गया। परीक्षा अभियानकर्ता व लोक शिक्षा समिति के प्रांतीय सदस्य डॉ.ललित किशोर ने बताया कि यह परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा पूरे देश भर में विभिन्न विश्वविद्यालयों के सहयोग से आयोजित किया गया है। परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को प्रथम पुरस्कार ₹एक लाख की राशि, द्वितीय पुरस्कार₹ पचास हजार (दो प्रतिभागी), तृतीय पुरस्कार ₹25000 (चार प्रतिभागी) एवं सांत्वना पुरस्कार सिर्फ 200 छात्रों को ₹2500 की राशि प्रदान की जाएगी। विद्या भारती उच्च शिक्षा के प्रांत समन्वयक प्रो.रमन त्रिवेदी ने परीक्षा के सफल संचालन पर आयोजकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button