बिहारराज्यलोकल न्यूज़

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा की योजनाओं को मिली रफ्तार, जिलाधिकारी के सख्त एंड क्विक एक्शन से विकास कार्यों में आई तेज़ी, सड़क–पुल निर्माण से बदलेगा मुजफ्फरपुर का नक्शा

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की हुई गहन समीक्षा, मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा की घोषणाओं पर जिलाधिकारी का फोकस एक्शन

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०५ जनवरी

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत घोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में की गई। बैठक में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी शालिग्राम साह, जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित पथ निर्माण विभाग,ग्रामीण कार्य विभाग, पुल  निर्माण निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी संबंधित विभाग पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें, ताकि इन्हें शीघ्र ही जनहित में समर्पित किया जा सके। बैठक के दौरान मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत चांदनी चौक (एनएच-28) से बखरी (एनएच-57) पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की समीक्षा की गई। पथ निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित इस योजना के लिए 89.77 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क की कुल लंबाई 7.65 किलोमीटर है। बैठक में अवगत कराया गया कि कार्य प्रगति पर है और शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया। जिले के पूर्वी भाग में प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), मुजफ्फरपुर द्वारा योजना के एलाइनमेंट को लेकर सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सर्वे का कार्य पूर्ण कर नियमानुसार जल्द कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त एनएच-122 गोबरसही चौक से माड़ीपुर पावर हाउस चौक तथा रामदयालु नगर रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंच पथ सहित आरओबी निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। यह योजना बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित की जा रही है, जिसके लिए 16,768.20 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। पहुंच पथ एवं आरओबी की कुल लंबाई 1372.266 मीटर है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि गोबरसही चौक से माड़ीपुर पावर हाउस चौक के बीच आरओबी निर्माण हेतु एजेंसी का चयन कर लिया गया है तथा सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ हो चुका है। वहीं रामदयालु नगर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण को एनएच-122 अंतर्गत मुजफ्फरपुर–बरौनी फोरलेनिंग परियोजना में समाहित कर NHAI द्वारा डीपीआर तैयार कर ली गई है। जिलाधिकारी ने विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। सबहा चौक से मरीचा पथ के निर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी द्वारा इस योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। 30.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की कुल लंबाई 14.38 किलोमीटर है, जिसमें से 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता एवं मानक  पर ध्यान देने तथा जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं सोडा गोदाम से चंदवारा बांध के बीच उच्च स्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तथा जेल चौक से खुदीराम बोस चिता स्थल तक सड़क निर्माण कार्य (फेज-1 एवं फेज-2) की भी समीक्षा की गई। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित इस योजना के लिए 12,093.11 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। फेज-1 अंतर्गत पहुंच पथ का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण है और शीघ्र ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे शहरवासियों  को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। फेज-2 का कार्य भी प्रगति पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुल निर्माण को लेकर भी जिलाधिकारी सक्रिय है। गायघाट प्रखंड के भटगामा स्थित मधुरपट्टी घाट पर 177.560 मीटर लंबे उच्च स्तरीय पुल का निर्माण 24.28 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी-2 द्वारा इस योजना का डीपीआर तैयार कर लिया गया है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जायेगा। मुख्यमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत औराई प्रखंड में कई पुलों का निर्माण तीव्र गति से जारी है। घनश्यामपुर पंचायत अंतर्गत मुसमारा सोतीधारा पर 67.72 मीटर लंबे पुल का निर्माण 5.92 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी प्रकार बसुआ गांव में लखनदेई नदी पर 45.36 मीटर लंबे पुल का निर्माण 4.67 करोड़ रुपये की लागत से तथा सुंदरखौली में लखनदेई नदी पर 67.72 मीटर लंबे पुल का निर्माण 5.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने इन सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बंदरा प्रखंड में बड़गांव से शंकरपुर तक 10.75 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 11.61 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी-1 द्वारा तेज गति से किया जा रहा है, जो शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है। बैठक में जिलाधिकारी श्री सेन ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गुणवत्ता, समय-सीमा और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचनाओं के सशक्त होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button