कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसएसपी ने 12 थानों में नए अपर थानाध्यक्षों को नियुक्त कर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने का दिया निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १६ अक्टूबर
कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसएसपी शुभांक मिश्रा ने जिले में बड़ा फेरबदल किया है। बेलसर, जंदाहा, काजीपुर, बिदुपुर समेत कुल 12 थानों में नए अपर थानाध्यक्षों को नियुक्त कर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) शुभांक मिश्रा नें उक्त जानकारी दी. उन्होंने कहा की सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने और एसएसपी कार्यालय को अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने का कड़ा निर्देश दिया गया है। अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगानें, अवैध हथियारों/वस्तुओं के परिवहन को रोकने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से वैशाली जिले के अलग-अलग मुख्य और संवेदनशील मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। श्री मिश्रा नें बताया की जिला पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के तहत बिदुपुर थाना क्षेत्र से 48.7 किलोग्राम गांजा और एक डबल-बैरल राइफल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है और कथारा थाना पुलिस ने भथनी गांव (खोरमपुर) से 645 लीटर विदेशी शराब के साथ एक आल्टो कार जब्त की है। स्कूल, कॉलेजों और मुख्य बाजारों के आसपास मनचलों पर नजर रखने के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ को विशेष रूप से एक्टिव रखा गया है। इसके अतिरिक्त, हाल ही में राघोपुर थाना क्षेत्र के गंगा नदी में हुई दुखद नाव दुर्घटना के बाद सुरक्षा मानकों और त्योहारों के दौरान घाटों पर कड़ी सतर्कता बरतने को लेकर भी जिला प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है। उन्होंने बताया की दुर्गा पूजा की समाप्ति के बाद आगामी दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘निवारक निरोधात्मक कार्रवाई’ (Preventive Action) तथा सघन संध्याकालीन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।





