पुलिस अधीक्षक (SP) ने महुआ थाना क्षेत्र के कुसहर चौक पर स्थित साहू लाइन होटल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का लिया जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, महुआ (वैशाली), बिहार, २४ अगस्त
वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने महुआ थाना क्षेत्र के कुसहर चौक पर स्थित साहू लाइन होटल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद साक्ष्यों को बहुत करीब से देखा और घायल होटल संचालक से मिलकर मामले की पूरी जानकारी ली. घटना की जांच को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने होटल और उसके आसपास की जगह की बारीकी से जांच की। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों को मामले की गहराई से जांच करने और अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के कड़े निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, रात के समय होटल में खाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मारपीट और गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी की घटना में होटल संचालक सतीश कुमार गुप्ता सहित दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे (कारतूस के खाली खोके) बरामद किए हैं। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस कप्तान श्री मिश्रा ने महुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को सभी वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को तेजी से आगे बढ़ाने का आदेश दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।






