वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)ने कांटी अंचल निरीक्षक (इंस्पेक्टर) कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३० मई
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र ने कांटी अंचल निरीक्षक (इंस्पेक्टर) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी की मौजूदगी में हुए इस निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। कार्यालय पहुंचने पर जिला पुलिस बल के जवानों द्वारा एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (सलामी) दिया गया। एसएसपी ने कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों और फाइलों की एक-एक कर बारीकी से जांच की। उन्होंने लंबे समय से लंबित पड़े मामलों (पेंडिंग केसों) और कांडों के अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) की प्रगति की समीक्षा की। अंचल के थानों में दर्ज पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया गया। केस डायरी को समय पर अपडेट करने और अनुसंधान में तेजी लाने को कहा गया। न्यायालय द्वारा जारी वारंट और कुर्की-जब्ती के मामलों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। फरार चल रहे अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग अपनाने का टास्क दिया, ताकि आम जनता बिना किसी डर के पुलिस के पास अपनी समस्याएं लेकर आ सके। कार्यालय और अंचल के थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका पारदर्शी समाधान करने पर बल दिया गया। एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी, कांटी अंचल इंस्पेक्टर जय किशन कुमार, कांटी थानेदार रविकांत पाठक समेत कई थे।






