बिहारराज्यलोकल न्यूज़

संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लिया तैयारियों का जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २६ अगस्त

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिले में की जा रही तैयारियों का जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने क्षेत्र भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं तटबंधों का निरीक्षण करते हुए बाढ़ निरोधक एवं सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सुप्पी प्रखंड के जमला गांव पहुंचकर वहां कराए जा रहे कटाव निरोधक कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने बैरगनिया बांध का निरीक्षण कर उसकी स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बेलसंड क्षेत्र स्थित चंदौली बांध का भी जायजा लिया तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बागमती तटबंध पर चल रहे उच्चीकरण, सुरक्षात्मक एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संभावित बाढ़ को लेकर पूरी तरह अलर्ट रहने, संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें। आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता बृज किशोर पांडे ने बताया कि जिले में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है। बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button