बिहारराज्यलोकल न्यूज़

“विकसित भारत युवा कनेक्ट” अभियान के तहत विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2026 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २७ फ़रवरी  

मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर द्वारा भारत सरकार की पहल के अंतर्गत संचालित “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026” का जिला स्तरीय आयोजन मुजफ्फरपुर प्रौद्योगिकी संस्थान (MIT) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम “विकसित भारत युवा कनेक्ट” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ तथा युवा कनेक्ट कार्यक्रम के अंतर्गत युवा आइकन प्रिंस कुमार द्वारा वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार एवं सांसद, मुजफ्फरपुर की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की शक्ति उसकी संवैधानिक व्यवस्था, नागरिक जागरूकता और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी में निहित है। “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” विषय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास हमें लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागी बनें तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रभारी प्राचार्य डॉ.संजय कुमार ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मंच पर रश्मि सिंह, उप- निदेशक, मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर; डॉ.वाई. एन. शर्मा, प्रोफेसर इंचार्ज (अकादमिक) एवं विभागाध्यक्ष (आईटी); तथा सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव, झारखंड सरकार की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संयोजन डॉ.विजय कुमार, नोडल पदाधिकारी, MY Bharat, MIT मुजफ्फरपुर एवं सहायक प्राध्यापक, सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु गठित निर्णायक मंडल में डॉ. अर्चना सिंह, सहायक प्राध्यापक, एलएनटी कॉलेज, धनंजय कुमार झा, डॉ.भारती सहता, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, तथा डॉ.रागिनी रानी, सामाजिक उद्यमी, सम्मिलित रहे। जिला स्तरीय चरण का विषय “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” रहा, जिस पर प्रतिभागियों ने संसदीय शैली में अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संवैधानिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर गंभीर एवं सारगर्भित विमर्श किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही। आयोजन की सफलता में मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिन्होंने पंजीकरण, समन्वय एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप प्रथम स्थान शुभम कुमार, द्वितीय स्थान संजना रानी, तृतीय स्थान प्रिया स्नेहा, चतुर्थ स्थान मोहम्मद अमानुल्लाह तथा पंचम स्थान वंदना कुमारी को प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया। यह आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवाद की संस्कृति तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर राष्ट्र में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह मंच उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button