26 फ़रवरी को आयोजित जिला स्तरीय मॉक एक्सरसाइज को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आहूत

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २४ फ़रवरी
सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आगामी 26 फ़रवरी को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) बृज किशोर पाण्डेय, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रजनीश कुमार लाल, जिला स्थापना उप-समाहर्ता अभिराम त्रिवेदी, नगर आयुक्त गजेन्द्र कुमार सिंह अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आनंद कुमार सिविल सर्जन अखिलेश कुमार, जिला नजारत उप-समाहर्ता प्रकाश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना मनीष कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा आयुष कुमार, शिक्षा विभाग, संबंधित अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), नई दिल्ली तथा आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित भूकंप के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी जानकारियों को साझा किया गया। इस क्रम में प्रस्तावित भूकंप परिदृश्य के अंतर्गत मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु जिले में कुल छः स्थलों को चिन्हित किया गया है. जिनमें सदर अस्पताल (मॉडल हॉस्पिटल), इंडस्ट्रियल एरिया, जिला योजना भवन, (समाहरणालय परिसर), श्री कृष्णा पेट्रोल पंप, लगमा, रिलायंस ट्रेंड्स एवं एस.आई.टी. इंजीनियरिंग कॉलेज, गोसाईपुर, सीतामढ़ी शामिल है. इन सभी स्थलों पर वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए उन्हें मॉक एक्सरसाइज की विस्तृत रूपरेखा एवं कार्य योजना से अवगत कराया गया। विशेष रूप से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विद्युत विभाग, नगर निगम, अग्निशमन, यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह मॉक एक्सरसाइज भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने तथा उन्हें और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध एवं अनुशासित तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन द्वारा आम जनों से अपील की गई है कि 26 फ़रवरी 2026 को आयोजित मॉक एक्सरसाइज के दौरान किसी प्रकार से भयभीत न हों। यह केवल एक पूर्वाभ्यास (ड्रिल) है, जिसका उद्देश्य आपदा के समय जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं राहत-बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।






