मुजफ्फरपुर में विकसित होगा समग्र हेल्थ हब: आधुनिक ओपन जिम व संगीतमय फाउंटेन के साथ दीदी की रसोई एक ही परिसर में
डीएम सुब्रत कुमार सेन की पहल: भारत माता पार्क के पीछे अप्पू पार्क बनेगा फिटनेस, मनोरंजन और पोषण का नया केंद्र

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १८ फ़रवरी
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर जिले में हेल्थ एंड फिटनेस गतिविधियों को नई दिशा देने और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी द्वारा जिले में खेल अवसंरचना के विकास के साथ-साथ अब शहर के हर आयु वर्ग—युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चे—के लिए एक समग्र स्वास्थ्य, पोषण , सौंदर्य एवं मनोरंजन का प्रमुख केंद्र विकसित करने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी की पहल पर भारत माता पार्क के पीछे स्थित अप्पू पार्क को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए वहां ओपन जिम, जलाशय (तालाब) का सौंदर्यीकरण, रंगीन एवं संगीतमय फाउंटेन तथा जीविका द्वारा संचालित दीदी की रसोई की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने नगर निगम, भवन निर्माण, विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर में अब आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के मद्देनजर भारत माता पार्क के पीछे एक परिसर में ही ओपेन जिम, जल फब्बारा, जलाशय में बोटिंग तथा दीदी की रसोई की तैयारी शुरू कर दी गई है। ओपन जिम एक ऐसा सार्वजनिक व्यायाम स्थल होगा जहां पार्क या खुले मैदान में निःशुल्क फिटनेस उपकरण लगाए जाएंगे। यहां कोई भी व्यक्ति बिना शुल्क के आधुनिक उपकरणों के माध्यम से व्यायाम कर सकेगा। यह सुविधा विशेष रूप से उन जरूरतमंदों लोगों के लिए उपयोगी होगा जो आज के आधुनिक महंगे जिम का खर्च वहन नहीं कर पाते। खुले वातावरण में व्यायाम करने से लोगों को ताजी हवा, प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण का लाभ मिलेगा। इससे शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ मानसिक तनाव में भी कमी आएगी। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और अस्वस्थ दिनचर्या के बीच यह पहल स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में अत्यंत प्रभावी कदम मानी जा रही है। पार्क परिसर में स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा उसे आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। जलाशय में नौकायन (बोटिंग) की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे महिलाएं, बच्चे और परिवारजन मनोरंजन का आनंद उठा सकेंगे साथ ही, परिसर में दो जल फब्बारे को क्रियाशील किया जाएगा। रंग-बिरंगे, संगीतमय और लाइट शो से सुसज्जित ये फाउंटेन पार्क की सुंदरता में चार चांद लगाएंगे। यह स्थल लोगों के मिलने-जुलने, फोटो लेने और परिवार के साथ समय बिताने का प्रमुख केंद्र बनेगा। फाउंटेन और जलाशय का विकास केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा। हरित क्षेत्र और जल स्रोत का संरक्षण शहरी वातावरण को संतुलित रखने में सहायक होगा। इससे मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा विशेषकर वृद्धजनों को शांति एवं सुकून भरा वातावरण मिलेगा। जिलाधिकारी की यह योजना समावेशी विकास की अवधारणा पर आधारित है। ओपन जिम, जलाशय, फाउंटेन और दीदी की रसोई—सभी सुविधाएं एक परिसर में ही सहज रूप में उपलब्ध होंगी। युवा जहां फिटनेस उपकरणों का उपयोग कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे, वहीं बुजुर्ग सुबह-शाम टहलते हुए व्यायाम कर सकेंगे। महिलाएं सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में नौकायन का आनंद ले सकेंगी। बच्चे रंगीन फाउंटेन और लाइट शो का आनंद उठाएंगे। इस प्रकार यह पार्क केवल विश्राम स्थल नहीं रहेगा, बल्कि एक जीवंत और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा, जो सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देगा। पार्क परिसर में जीविका समूह द्वारा दीदी की रसोई का संचालन भी किया जाएगा। सुबह और शाम व्यायाम या सैर के लिए आने वाले लोगों को यहां सस्ती दरों पर पौष्टिक एवं पारंपरिक बिहारी व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। दीदी की रसोई न केवल आगंतुकों को सहज, सुलभ और विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएगी, बल्कि महिलाओं के लिए आर्थिक संबल और रोजगार का भी माध्यम बनेगी। जीविका समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। पौष्टिक भोजन की उपलब्धता से लोगों को स्वास्थ्यवर्धक खानपान की आदत भी विकसित होगी। इस प्रकार फिटनेस और पोषण—दोनों का संतुलन एक ही स्थान पर संभव हो सकेगा। ओपन जिम, जलाशय, फाउंटेन और दीदी की रसोई का एकीकृत संचालन स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देगी। लोग यहां एक-दूसरे से मिलेंगे, संवाद करेंगे और सामुदायिक भावना मजबूत होगी। परिवार, मित्र और विभिन्न आयु वर्ग के लोग एक ही परिसर में सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे, जिससे सामाजिक जुड़ाव और सहभागिता को नई ऊर्जा मिलेगी। जिलाधिकारी श्री सेन द्वारा खेल विभाग को प्रस्ताव भेजकर आवश्यक राशि की मांग की गई थी, जिसके फलस्वरूप अब कारवाई प्रारंभ की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके। यह पहल न केवल खेल एवं फिटनेस को बढ़ावा देगी, बल्कि शहरी जीवन को अधिक संतुलित, स्वस्थ और आनंदमय बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया की शहरी जीवन में विकसित हो रहा यह समग्र पार्क मॉडल भविष्य में अन्य स्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकेगा। ओपन जिम, जलाशय, फाउंटेन और दीदी की रसोई का यह संगम मुजफ्फरपुर में स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।





