बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में ‘माँ भारती’ की प्रतिमा की हुई प्राण-प्रतिष्ठा
आज का दिन हमारे विश्वविद्यालय के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गया है, अब यहाँ साक्षात माँ भारती की उपस्थिति विद्यार्थियों में राष्ट्रबोध का संचार करेगी- प्रो.दिनेश चन्द्र राय, कुलपति

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १५ फ़रवरी
महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय के सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय द्वारा प्रदत्त ‘माँ भारती’ की प्रतिमा का प्रो.दिनेश चन्द्र राय द्वारा अनावरण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शास्त्रीय विधि-विधान के साथ प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के पश्चात् कुलपति प्रो.राय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में ‘माँ भारती’ की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई है, जो कैंपस में राष्ट्रवाद, एकता और ज्ञान के प्रतीक के रूप में स्थापित की गई है। यह प्रतिमा परिसर में देशभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। प्रो. राय नें कहा की प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य छात्रों और संकाय सदस्यों में राष्ट्रप्रेम, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना को बढ़ावा देना है और यह पहल विश्वविद्यालय परिसर के सांस्कृतिक और राष्ट्रीय वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए की गई है। कुलपति नें कहा की आज का दिन हमारे विश्वविद्यालय के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गया है। ग्रंथालय वह स्थान है जहाँ शब्द ‘ब्रह्म’ बनते हैं, और अब यहाँ साक्षात माँ भारती की उपस्थिति विद्यार्थियों में राष्ट्रबोध का संचार करेगी। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर हुई यह स्थापना हमें यह संकल्प दिलाती है कि हमारी शिक्षा और अनुसंधान का अंतिम लक्ष्य राष्ट्र की उन्नति होना चाहिए। यह प्रतिमा केवल पाषाण या धातु का स्वरूप नहीं, बल्कि हमारे संकल्पों का प्रतिबिंब है जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार ने मां भारती की प्रतिमा लगाने के विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए इसे परिसर की आध्यात्मिक और वैचारिक ऊर्जा में अभिवृद्धि करने वाला कदम बताया है। मौके पर कुलपति की धर्मपत्नी विभा राय, पूर्व कुलानुशासक प्रो.बीएस राय, कुलसचिव प्रो.समीर कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







