सीमावर्ती प्रखंडों एवं अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २५ मार्च
जिले के सीमावर्ती प्रखंडों एवं अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, उत्पाद अधीक्षक, एसएसबी के वरीय अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि सीतामढ़ी एक संवेदनशील सीमावर्ती जिला है, जो अंतर्राष्ट्रीय सीमा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत एवं पैनी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि सीमा से जुड़े प्रत्येक गांव और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहे। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि पर कठोरतम कार्रवाई की जाय। सभी अधिकारी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा पार से व्यक्तियों एवं वस्तुओं की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, पशु तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शराब के साथ-साथ ‘सूखा नशा’ के विरुद्ध भी व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, बॉर्डर क्षेत्र में संचालित अनाधिकृत दुकानों एवं संस्थानों की नियमित जांच करते हुए औचक छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने बॉर्डर से 15 किलोमीटर के दायरे में अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।





