बिहारराज्यलोकल न्यूज़

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुशहरी का औचक निरीक्षण, एईएस को लेकर सख्त निर्देश जारी

सिविल सर्जन एवं डीपीएम ने वार्ड, लेबर रूम और ओपीडी का लिया जायजा, जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १८ मार्च

मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल सर्जन डॉ.सुधीर कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक रेहान अशरफ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी की विभिन्न स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया, जिसमें विशेष रूप से एईएस (चमकी बुखार) वार्ड, लेबर रूम तथा ओपीडी सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का अवलोकन किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान प्रसव सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। डीपीएम ने सुनिश्चित करने को कहा कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, ओपीडी में मरीजों की भीड़, पंजीकरण प्रक्रिया एवं चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने एईएस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को समय रहते बीमारी के लक्षणों की जानकारी देना और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित रूप से इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button