बिहारराज्यलोकल न्यूज़

“लापरवाही बर्दाश्त नहीं”—मोहिनी पंचायत निरीक्षण में सख्त दिखे जिलाधिकारी- पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस

नानपुर प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मध्य विद्यालय का जिलाधिकारी के द्वारा किया गया निरीक्षण, मोहिनी पंचायत भवन में डीएम ने सुनी लोगों की समस्या

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १८ मार्च

सीतामढ़ी जिले के नानपुर प्रखंड अंतर्गत मोहिनी पंचायत में जिलाधिकारी रिची पांडेय द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय एवं स्वास्थ्य संस्थान का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की  स्थिति का गहन आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के मौके पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास अधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने मोहिनी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-71 का निरीक्षण करते हुए बच्चों की उपस्थिति पंजी, साप्ताहिक पोषण मेन्यू, पोषाहार राशि वितरण की स्थिति, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की संख्या तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के टीएचआर  पंजी की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित लेडी सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया तथा संबंधित सीडीपीओ को भी कार्यशैली में सुधार हेतु कड़ी चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों एवं महिलाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कुपोषण उन्मूलन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित मॉनिटरिंग करें। सभी पंजी अद्यतन एवं पारदर्शी रूप से संधारित हों। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मध्य विद्यालय नौवाडीह के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बच्चों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, शिक्षकों द्वारा अध्यापन कार्य, शौचालयों की साफ-सफाई तथा खेलकूद सामग्री की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए। कक्षा में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित हो। विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए। खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोहिनी पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी पंजी, मरीजों की दैनिक उपस्थिति, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की रोस्टर पंजी की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर सेवाएं दें। मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी साथ ही उन्होंने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि उपलब्धता की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने मोहिनी पंचायत भवन में “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकांश आवेदन भूमि विवाद, राशन कार्ड निर्माण, खाद्यान्न उपलब्धता, बिजली आपूर्ति एवं पेंशन से संबंधित प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन का आधार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button