पाइप्ड गैस से आसान हुई रसोई, जिलाधिकारी ने पीएनजी के विस्तारीकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
शहर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सस्ती ऊर्जा की सुगम एवं सुचारू व्यवस्था जारी, पाइपलाइन गैस सेवा के लिए हेल्पलाइन जारी 9693989339

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३० मार्च
एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत और डिलीवरी में हो रही देरी के बीच मुजफ्फरपुर शहरवासियों के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) बड़ी राहत बनकर उभरी है। अब पाइपलाइन के जरिए सीधे घरों की रसोई तक गैस पहुंचने लगी है, जिससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग, इंतजार और खत्म होने की चिंता से मुक्ति मिल रही है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा पाइपलाइन एजेंसियों के साथ बैठक कर इस व्यवस्था को तेजी से विस्तार देने में का सख्त निर्देश दिया है। शहर के करीब 25 वार्डों में पीएनजी नेटवर्क बिछाकर गैस आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सभी पात्र उपभोक्ताओं तक समयबद्ध तरीके से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। पाइपलाइन बिछाने के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को पीएनजी के उपयोग, सुरक्षा उपायों एवं लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा से जुड़ सकें। उन्होंने एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक विलंब या असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि पीएनजी व्यवस्था के विस्तार से न केवल गैस संकट की समस्या दूर होगी, बल्कि शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सस्ती ऊर्जा की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए आगे आएं और सुरक्षित ऊर्जा के इस विकल्प को अपनाएं। साथ ही गैस के उपयोग में सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या लीकेज की स्थिति में तुरंत संबंधित एजेंसी को सूचित करें। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार नें बताया कि अब तक 14,500 से अधिक घरों में कनेक्शन चालू हो चुके हैं। इसका सीधा फायदा यह हुआ है कि इन परिवारों को अब सिलेंडर की उपलब्धता या रिफिल की परेशानी नहीं झेलनी पड़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक नए घरों में कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं। संबंधित एजेंसी द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए शहर के अधिकाधिक इलाकों को कवर किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द अधिकाधिक घरों तक पाइप्ड गैस की सुविधा पहुंचाने का निर्देश दिया है, ताकि किसी को भी गैस संकट का सामना न करना पड़े। आने वाले महीनों के लिए भी महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। अगले 2 से 3 महीनों के भीतर 5,000 से अधिक नए कनेक्शन चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए शेष वार्डों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। पीएनजी न केवल एलपीजी के मुकाबले किफायती है, बल्कि यह पूरी तरह सुरक्षित और सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने वाली व्यवस्था भी है। पीएनजी आने से रसोई व्यवस्था अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो गई है। पीएनजी के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।




