बिहारराज्यलोकल न्यूज़

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सामुदायिक संसाधन समूह की समीक्षा बैठक आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ०५ मार्च

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला सामुदायिक संसाधन समूह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी-सह-सचिव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेल अधीक्षक, संबंधित एनजीओ के प्रतिनिधि एवं आईसीटीसी के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में एचआईवी के रोकथाम, बचाव एवं उपचार से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एचआईवी की रोकथाम एवं उपचार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, साथ ही अधिक से अधिक लोगों की जांच कराने पर विशेष बल दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के माता-पिता एचआईवी से पीड़ित हैं, ऐसे बच्चों को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता योजना का लाभ लक्ष्य के अनुरूप दिलाया जाए। जिला पदाधिकारी ने इस कार्य में जिला शिक्षा पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं बैंकों का सहयोग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि पात्र बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष जांच शिविर (कैंप) आयोजित करने का निर्देश दिया, जहां एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। साथ ही व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया, ताकि लोग इस बीमारी के प्रति जागरूक होकर समय पर जांच एवं उपचार करा सकें। जिला पदाधिकारी ने पर्व-त्योहार के अवसर पर बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए भी विशेष जांच शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया, जिससे संक्रमण की रोकथाम में मदद मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button