बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) की मतदाता सूची के प्रकाशन हेतु विस्तृत कार्यक्रम जारी

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २३ फ़रवरी
बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों की प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) की मतदाता सूची के प्रकाशन हेतु विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी ललन कुमार शर्मा ने पत्र जारी कर जानकारी दी है कि निर्धारित तिथियों के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन संपन्न कराया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी 2026 को निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन विहित स्थानों पर किया जाएगा। इसके उपरांत 23 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की गई है। इस अवधि के दौरान पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्र में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। दावा-आपत्तियों के निष्पादन के बाद 12 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिले के विभिन्न प्रखंडों की जिन पैक्स समितियों की मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है, उनमें मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत फतेहा पैक्स, पगहिया पैक्स, मगुराहा ताजपुर पैक्स, महिमा गोपीनाथपुर पैक्स, हरदी पैक्स, बसराज पश्चिम पैक्स तथा हरनाही पैक्स शामिल हैं। कुढ़नी प्रखंड के अंतर्गत किशनपुर मधुबन पैक्स, बंगरा बंशीधर पैक्स एवं महंथ मनियारी पैक्स को शामिल किया गया है। साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत हलीमपुर पैक्स की मतदाता सूची भी इसी कार्यक्रम के तहत प्रकाशित की जाएगी। इसी प्रकार पारु प्रखंड के उस्ती पैक्स एवं मोहब्बतपुर पैक्स, औराई प्रखंड के सरहेचिया पैक्स, जनार जीवाजोर बेनीपुर पैक्स, परमजीवर ताराजीवर पैक्स, महेशवारा पैक्स तथा सहिलाबल्ली पैक्स की मतदाता सूची का प्रकाशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। बोचहा प्रखंड अंतर्गत गरहां पैक्स एवं पटियासा पैक्स, सकरा प्रखंड अंतर्गत कटेसर पैक्स, जगदीशपुर बघनगरी पैक्स एवं रूपनपट्टी मथुरापुर पैक्स, गायघाट प्रखंड अंतर्गत रामनगर पैक्स एवं बाघाखाल पैक्स तथा मुसहरी प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर पैक्स भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित हैं। मतदाता सूची का प्रकाशन निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के सूचना पट पर, संबंधित समिति के कार्यालय के सूचना पट पर तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय के सूचना पट पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्राधिकार की आधिकारिक वेबसाइट http://bsea.bihar.gov.in पर भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे संबंधित मतदाता ऑनलाइन भी सूची का अवलोकन कर सकेंगे। सूची उपर्युक्त सभी कार्यालयों एवं स्थलों पर निर्धारित अवधि तक अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, विलोपन या संशोधन की आवश्यकता हो तो समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि अंतिम प्रकाशन से पूर्व त्रुटियों का निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्राधिकार द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है। प्राप्त आवेदनों का विधिसम्मत परीक्षण कर उनका निष्पादन किया जाएगा। इसके उपरांत 12 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जो संबंधित पैक्स समितियों के आगामी निर्वाचन की आधार सूची होगी। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार नें बताया कि पैक्स स्तर पर निर्वाचन की प्रक्रिया को सुचारु एवं निष्पक्ष बनाने के लिए मतदाता सूची का अद्यतन और शुद्ध प्रकाशन अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसी उद्देश्य से राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा विस्तृत कार्यक्रम जारी कर समय-सीमा निर्धारित की गई है। प्रशासनिक स्तर पर भी सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मतदाता सूची प्रकाशन एवं दावा-आपत्ति निष्पादन की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने पुनः सभी संबंधित सदस्यों एवं मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे जागरूकता का परिचय देते हुए निर्धारित तिथियों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से वंचित न रह जाए और निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।




