बिहारराज्यलोकल न्यूज़

दाखिल–खारिज में ₹40 हजार रिश्वत मांगने का मामला सामने आने पर जांचोपरांत राजस्व अधिकारी एवं अमीन निलंबित

भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है, किसी भी स्तर पर अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी- रिची पाण्डेय, जिला पदाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २० फ़रवरी

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के समक्ष प्राप्त एक गंभीर शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की गई है। प्राप्त शिकायत के अनुसार ग्राम मोना, पंचायत बरहेता, प्रखंड रुन्नीसैदपुर निवासी बबलू कुमार से बंटवारा जमीन के दाखिल–खारिज के एवज में ₹40,000 रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था। आरोप राजस्व अधिकारी, रुन्नीसैदपुर विश्वामित्र खैरवार तथा बरहेता पंचायत के अमीन रूपेश मोचा पर लगाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा आवेदक एवं संबंधित राजस्व अधिकारी को अपने कक्ष में तलब कर विस्तृत जांच की गई। जांच के क्रम में आवेदक द्वारा प्रस्तुत ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। रिकॉर्डिंग में पैसे की मांग से संबंधित बातचीत सत्य पाई गई। जांचोपरांत आरोपों की पुष्टि होने पर जिला पदाधिकारी श्री पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से राजस्व अधिकारी, रुन्नीसैदपुर एवं अमीन, बरहेता पंचायत को निलंबित करने का निर्देश दिया साथ ही दोनों के विरुद्ध प्रपत्र “क” गठित कर विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का आदेश दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button