पंजाबराज्यलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी द्वारा जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल का किया गया शुभारंभ

प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल के बारे में दी गयी विस्तृत जानकारी

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १३ फ़रवरी

आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी रिची पाण्डेय द्वारा जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस संबंध में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री पांडे के द्वारा एक प्रेस ब्रीफिंग किया गया। ब्रीफिंग में जिला जन संपर्क अधिकारी कमल सिंह एवं डीआईओ मुकेश कुमार झा उपस्थित थे। प्रेस ब्रीफिंग में मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय अंतर्गत सातवें निश्चय “सबका सम्मान ,जीवन आसान के तहत आम जनों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उसके निवारण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इस ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से अब जिले के नागरिक अपनी शिकायतें घर बैठे पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल की विशेषता यह है कि शिकायतकर्ता न केवल अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर पाएंगे, बल्कि उन्हें शिकायत की प्राप्ति, अग्रेषण एवं निस्तारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी समय-समय पर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होती रहेगी। इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध होगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायत निवारण प्रणाली का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। यह प्रणाली जिले में सुशासन, डिजिटल प्रशासन एवं नागरिक सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी, जिससे आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का समाधान सरलता से हो सकेगा।  आम जनता की समस्याओं के निस्तारण की दिशा में जिला प्रशासन सीतामढ़ी के द्वारा उठाया गया यह एक नायाब कदम है। जिलाधिकारी श्री पांडे ने कहा कि सीतामढ़ी जिले में 17 प्रखंड एवं 258 पंचायत हैं जिनमें से कई प्रखंड और पंचायत जिला मुख्यालय से काफी दूर स्थित हैं ।जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से नागरिक बिना किसी सरकारी कार्यालय में गए आसानी से अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान प्राप्त कर सकते हैं ।यह प्रणाली विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वृद्ध नागरिकों एवं कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी क्योंकि उन्हें भौतिक रूप से कार्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के लिए सबसे पहले districtsitamarhi.in लिंक पर जाना होगा जहां पर लाभार्थी सर्वप्रथम अपना पंजीकरण करेंगे। दर्ज किया गया शिकायत पोर्टल द्वारा संबंधित विभाग को  स्वतः भेज दिया जाएगा। शिकायत एवं शिकायत निवारण होने की स्थिति संबंधित व्यक्ति को एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर मिलती रहेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली की विशिष्टता इसकी सुलभता, पारदर्शिता और तय समय सीमा में शिकायत निवारण में निहित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button