जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
टंडसपुर, बथनाहा, सरकारी बस स्टैंड निर्माण से संबंधित जमीन के प्रस्ताव भेजने में विलंब को लेकर सीओ बथनाहा से स्पष्टीकरण पूछने एवं वेतन स्थगित करने का निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १७ फ़रवरी
जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की गई। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी प्रशांत कुमार, सदर एसडीओ आनंद कुमार, ट्रैफिक डीएसपी दीपक कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में एजेंडावार सभी बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए। बैठक में टंडसपुर, बथनाहा, सरकारी बस स्टैंड निर्माण से संबंधित जमीन के प्रस्ताव भेजने के लिए सीओ बथनाहा को निर्देशित किया गया। अभी तक प्रस्ताव भेजने में विलंब को देखते हुए उनसे स्पष्टीकरण पूछने एवं वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसडीओ सदर को निर्देशित किया गया कि रुन्नीसैदपुर बाजार सरकारी बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराकर सुचारू रूप से संचालित कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी के द्वारा जानकारी दी गई कि विश्वनाथपुर चौक, शंकर चौक, कारगिल चौक, किरण चौक, गौशाला चौक, महंतसाह चौक पर ट्रैफिक लाइट के अधिष्ठान के संबंध में जिलाधिकारी सीतामढ़ी के स्तर से परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है साथ ही ट्रैफिक लाइट के साथ-साथ एएनपीआर कैमरा लगाने का भी अनुरोध विभाग से किया गया है. बैठक में शंकर चौक स्थित चिन्हित पार्किंग स्थल को शुरू करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए ।निर्देश दिया गया कि नगर निगम और खेल विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उक्त दिशा में अग्रेत्तर कार्रवाई करें। बैठक में इसके अतिरिक्त शहर में ई-रिक्शा/ऑटो के सुव्यवस्थित परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शहर में सुदृढ़ ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर बैठक में निर्देशित किया गया कि अंडर एज ऑटो चालकों एवं उनके लाइसेंस को लेकर अभियान चलाया जाए और नाबालिग ऑटो चालकों को प्रतिबंधित करें। बैठक में ट्रैफिक डीएसपी, डीटीओ एवं उनके अन्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ड्रंकन ड्राइविंग पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया। मद्दनिषेध विभाग एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। निर्देश दिया गया कि जिले के महत्वपूर्ण स्थलों पर बने चेक पोस्ट की संख्या में वृद्धि की जाय एवं उक्त स्थलों पर पुलिस, मद्दनिषेध, परिवहन एवं खनन की टीम के द्वारा जांच की जाय। जिलाधिकारी ने जिला परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर नियमित रूप से नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की जाए। ब्रेथ एनालाईजरका उपयोग किया जाए तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए साथ ही स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर भी सहमति बनी। बैठक में नगर निगम के पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि शहर में मुख्य चौक-चौराहों, फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, कचरा उठाव और मूलभूत शहरी सेवाओं में नगर निगम की भूमिका सबसे अहम है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। जिलाधिकारी ने इस लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी प्रकट करते हुए चेताया कि नगर निगम अपनी कार्य-संस्कृति में तत्काल सुधार लाए। उन्होंने उप-नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लें और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।




