जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ३१ जनवरी
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में शिक्षा से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं, उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में प्रत्येक प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों हेतु भूमि की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन प्रखंडों में अब तक डिग्री कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां शीघ्र भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए, ताकि उच्च शिक्षा के विस्तार में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही जिले के विद्यालयों में चारदीवारी निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में अब तक चारदीवारी का निर्माण नहीं हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, जिससे विद्यालय परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में भूमिहीन विद्यालयों की स्थिति पर भी विशेष चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को ऐसे विद्यालयों के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने अपार आईडी के अंतर्गत छात्रों के नामांकन की प्रगति में तेजी लाने, कुशल युवा कार्यक्रम में नामांकन को गति प्रदान करने, तथा जिले के मॉडल स्कूलों को आधारभूत संरचनाओं के साथ सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारी एव संबंधित कर्मी उपस्थित थे।






