इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 : कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिलाधिकारी की सख्त ब्रीफिंग
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रहेगी 24×7 निगरानी

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २९ जनवरी
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की। सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में आयोजित इस बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती–सह–उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ करें। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परीक्षा में कदाचार की किसी भी घटना पर केंद्राधीक्षक, वीक्षक, दंडाधिकारी अथवा संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी तथा उनके विरुद्ध सख्त विभागीय एवं विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी तथा 200 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। फोटो स्टेट, साइबर कैफे, चाय–पान एवं किताब की दुकानें परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी। जिलाधिकारी ने साइबर सेल, जिला प्रशासन के आईटी कोषांग एवं जन संपर्क विभाग को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर सतत निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी, वीडियोग्राफी, प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच तथा केंद्र के अंदर सतत पर्यवेक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पाए जाने पर संबंधित वीक्षक एवं पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इंटरमीडिएट परीक्षा जिले के 64 परीक्षा केंद्रों पर दिनांक 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी प्रथम पाली : 9:30 पूर्वाह्न से 12:45 अपराह्न एवं द्वितीय पाली : 2:00 अपराह्न से 5:15 अपराह्न. परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्र में जूता–मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा। इंटरमीडिएट परीक्षा अवधि के दौरान जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, सीतामढ़ी में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। दूरभाष : 06226–250316 / 250317. परीक्षा के दौरान किसी परीक्षार्थी के अस्वस्थ होने की स्थिति में सरकारी एंबुलेंस एवं चिकित्सा सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने हेतु संबंधित चिकित्सकों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं साथ ही सुदृढ़ यातायात प्रबंधन के लिए अनुमंडल स्तर पर अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र परिसर में मीडिया का प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। जिलाधिकारी ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 का कदाचारमुक्त आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्रीफिंग में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।






