बिहारराज्यलोकल न्यूज़

महिलाओं के सशक्तिकरण की नई उड़ान : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बदलेगी मुजफ्फरपुर की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने की पहली किस्त की शुरुआत, मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी एवं ऐतिहासिक पहल – 4, 25,928 महिलाओं के खाते में प्रति महिला ₹10,000 ट्रांसफर

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २६ सितम्बर

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री के द्वारा मुजफ्फरपुर जिले की 4,25,928 महिलाओं के बैंक खाते में ₹10,000 प्रति महिला की राशि पहली किस्त के रूप में सीधे ट्रांसफर की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुजफ्फरपुर जिला मुख्यालय स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में इस अवसर पर मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सांसद वीणा देवी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, उप-विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने शिरकत कर इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बने। कार्यक्रम को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करते हुए जिला मुख्यालय से लेकर सभी प्रखंड मुख्यालय, 66 संकुल स्तरीय संघ और 3700 ग्राम संगठनों में विशेष आयोजन किया गया। इन आयोजनों में कुल 8,42,823 महिलाओं की सक्रिय भागीदारी दर्ज की गई, जिन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति गहरी आस्था और आभार प्रकट की। महिलाओं में इस योजना को लेकर गजब का उत्साह और उमंग देखने को मिला। जीविका महिला ग्राम संगठन की दीदियों ने प्रेक्षागृह समेत विभिन्न स्थलों पर रंग-बिरंगी और भव्य रंगोलियां सजाई साथ ही मुख्यमंत्री के सम्मान में गीत गाकर अपनी खुशी की इजहार की। सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जागरूकता वाहन चलाए गए। वहीं जिलेभर में प्रचार वाहनों के जरिए भी इस महत्वाकांक्षी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया ताकि अधिक से अधिक महिलाएं योजना से जुड़ सकें। कार्यक्रम का माहौल उत्सव जैसा रहा, जिसमें महिलाओं की सहभागिता और आत्मविश्वास ने नई ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जीविका दीदियों और महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार का ऐतिहासिक कदम है। यह योजना न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार करेगी बल्कि समाज और परिवार में भी उनका सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ाएगी। मैं सभी महिलाओं से अपील करता हूँ कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना से जुड़कर अपने जीवन को नई दिशा दें। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना बिहार सरकार की ऐसी पहल है जो सीधे तौर पर महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और रोजगार सृजन पर केंद्रित है। मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार की यह योजना महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाला ऐतिहासिक कदम है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना है ताकि वे अपने और अपने परिवार के लिए सम्मानजनक जीवन जी सकें। महिला सशक्तिकरण के बिना समाज और राज्य का विकास अधूरा है। इसलिए यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाएगी और उन्हें समाज में समान भागीदारी दिलाने की दिशा में निर्णायक साबित होगी। मुजफ्फरपुर के कार्यक्रम स्थल पर जीविका दीदियों ने अपने उत्साह और उमंग को रंग-बिरंगी रंगोलियों और पारंपरिक गीतों से अभिव्यक्त किया। दीदियों ने बताया कि सरकार की इस योजना से उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिला है। कई महिलाओं ने इसे अपने जीवन का “टर्निंग प्वाइंट” बताते हुए सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। मुजफ्फरपुर जिले के लाखों परिवारों को इस योजना से सीधा लाभ होगा। यह योजना न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगी, बल्कि उन्हें अपने जीवन में नई दिशा और संभावनाएं भी प्रदान करेगी। मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित यह ऐतिहासिक कार्यक्रम महिलाओं की भागीदारी और उनके उत्साह का गवाह बना। प्रधानमंत्री द्वारा राशि ट्रांसफर और मुख्यमंत्री द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत ने जिलेभर की महिलाओं में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!