बिहारराज्यलोकल न्यूज़

विश्व के प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सद्भाव, करुणा व प्रेम संदेश देने वाली ज्ञान एवं संघर्ष की भूमि बिहार के 113वें स्थापना दिवस का आयोजन पुरे हर्षोल्लास के साथ किया गया

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २२ मार्च   

विश्व के प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सद्भाव, करुणा व प्रेम संदेश देने वाली ज्ञान एवं संघर्ष की भूमि बिहार के 113वें स्थापना दिवस का आयोजन पुरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आगाज सुबह प्रभात फेरी के साथ किया गया। कमला बालिका उच्च विद्यालय से निकाली गई प्रभात फेरी को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवानगी की। उक्त प्रभात फेरी डुमरा हवाई फील्ड तक निकाली गई, जहां आयोजित कार्यक्रम में वरीय पदाधिकारियों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों/शिक्षिकाओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया एवं सभी को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। बिहार दिवस 2025 के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सीतामढ़ी के डुमरा हवाई अड्डा मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष अदिति कुमारी, डीडीसी मनन राम एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन भाषण में जिलाधिकारी ने बिहार के साथ सीतामढ़ी जिले के प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि बिहार में अतीत की धरोहर के साथ वर्तमान का पथ प्रदर्शन भी है। हमारा राज्य बिहार और आगे बढ़े। हमारा राज्य विकसित हो। इसी मकसद से बिहार दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान एवं मोक्ष की धरती है।यहां से ज्ञान का प्रकाश दुनिया भर में फैला। हमें बिहार को उसी गौरवशाली ऊंचाई तक पहुंचना है। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश की गौरवशाली विरासत और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में हो रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा की बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और इसके विकास में जनभागीदारी अहम भूमिका निभाती है। हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नवाचार के क्षेत्र में मिलकर कार्य करना होगा ताकि बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके। मुख्य समारोह का आरंभ स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ किया गया वहीं प्रख्यात गायिका प्रियंका मिश्रा के द्वारा बिहार गीत की बेहतरीन प्रस्तुति की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं शिक्षा विभाग के संगीत शिक्षक/ शिक्षिकाओं के द्वारा गीत/नृत्य की आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडे ने सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक स्टॉल लगाए गए थे जिसका निरीक्षण जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय अधिकारियों के द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृज किशोर पांडे ने किया। वहीं मंच संचालन का कार्य नवनीत कुमार के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन में वरीय उप-समाहर्ता बिरजू दास ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!