ईद पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने तथा विधि व्यवस्था संधारित रखने के निमित्त जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक नें संयुक्तादेश निर्गत कर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३० मार्च
ईद पर्व का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने तथा विधि व्यवस्था संधारित रखने के निमित्त जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने संयुक्तादेश निर्गत कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित स्थल पर स-समय ड्यूटी पर मुस्तैद रहने तथा पूरी जवाबदेही से विधि व्यवस्था संधारित रखने का सख्त निर्देश दिया है। इस वर्ष ईद का त्यौहार 31 मार्च को होगा। अधिकारीद्वय ने पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है तथा सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को कडाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तथा सामाजिक सद्भाव भंग करने वाले शरारती एवं उपद्रवी तत्वों पर पुलिस को पैनी नजर रखने तथा दोषी को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सभी थानाध्यक्ष/प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, सतर्क रहने तथा संवेदनशील स्थलों पर कडी नजर रखने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ पर्व की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित रखने का सख्त निर्देश दिया है। पर्व के सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने हेतु जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किये गये हैं जो नगर भवन के पास स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में कार्यरत रहेगा। पर्व के अवसर पर आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने तथा चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी को एंबुलेंस एवं आवश्यक दवा के साथ सक्रिय एवं तत्पर रहने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है। नगर आयुक्त एवं सभी कार्यपालक पदाधिकारी को ईद के अवसर पर नमाज अदा वाले स्थलों के आसपास साफ- सफाई एवं पेयजल की निर्वाध व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर ट्रैफिक की सुचारू एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश डीएसपी यातायात को दिया गया है। अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे। दोनों अधिकारियों को ईद पर्व का सतत एवं प्रभावी अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण करते हुए शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया गया है।